महाराष्ट्र चुनाव : कांग्रेस ने जारी की 51 उम्मीदवारों के नामों की सूची

महाराष्ट्र चुनाव : कांग्रेस ने जारी की 51 उम्मीदवारों के नामों की सूची

महाराष्ट्र में होने जा रहे विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस पार्टी ने अपने 51 उम्मीदवारों के नामों की सूची जारी कर दी है। जारी की गई सूची में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण का नाम भी शामिल है।


मुंबई। महाराष्ट्र में होने जा रहे विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस पार्टी ने अपने 51 उम्मीदवारों के नामों की सूची जारी कर दी है। जारी की गई सूची में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण का नाम भी शामिल है।

वहीं, नितिन राउत को नागपुर उत्तर और पूर्व गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे की बेटी परिणीति सिंदे सोलापुर सेंट्रल से चुनाव लड़ेंगी। बता दें कि महाराष्ट्र में कांग्रेस और शरद पवार की एनसीपी साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। दोनों पार्टियां 125-125 सीटों पर लड़ेंगी और बची हुई 38 सीटों पर गठबंधन के और सहयोगी चुनाव लड़ेंगे।

बता दें कि कांग्रेस-एनसीपी ने 2014 में विधानसभा चुनाव अलग-अलग लड़ा था। तब कांग्रेस और राकांपा के बीच सीट बंटवारे पर सहमति नहीं बन पाई थी, जिसके बाद पवार की पार्टी ने 15 साल पुराने गठबंधन को तोड़ लिया था। पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 42 तो एनसीपी ने 41 सीटों पर जीत दर्ज की थी। 2014 के इन चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी भाजपा को 122 सीटें मिली थीं।

कांग्रेस और NCP के बीच आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर हुए गठजोड़ से पहले दोनों ही दलों से कई प्रमुख नेता साथ छोड़कर जा चुके हैं। इनमें से राकांपा से ज्यादा नेता गए हैं। इनमें से कई नेताओं ने भाजपा का तो कुछ ने शिवसेना का दामन थामा है। 

बता दें कि महाराष्ट्र और हरियाणा में विधानसभा चुनाव की तारीखों का चुनाव आयोग ने हाल ही में ऐलान किया था। महाराष्ट्र और हरियाणा में 21 अक्टूबर को मतदान होगा और मतगणना 24 अक्टूबर को होगी।

नॉमिनेशन भरने की आखिरी तारीख 4 अक्टूबर को होगी और नामांकन वापस लेने की तारीख 7 अक्टूबर को होगी। लोकसभा चुनावों के बाद यह इस साल के पहले राज्य चुनाव हैं। हरियाणा विधानसभा का कार्यकाल 2 नवंबर को और महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 9 नवंबर को खत्म हो रहा है।