एनडीए छोड़ेगी शिवसेना, केंद्रीय मंत्री अरविंद सावंत देंगे इस्तीफा

एनडीए छोड़ेगी शिवसेना, केंद्रीय मंत्री अरविंद सावंत देंगे इस्तीफा


महाराष्ट्र में सरकार गठन को लेकर शिवसेना और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में जारी विवाद के बाद शिवसेना ने सोमवार को केंद्र में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) छोड़ने का फैसला किया है। इसके साथ ही शिवसेना नेता अरविंद सावंत ने केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफे का ऐलान कर दिया है।

मुंबई। महाराष्ट्र में सरकार गठन को लेकर शिवसेना और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में जारी विवाद के बाद शिवसेना ने सोमवार को केंद्र में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) छोड़ने का फैसला किया है। इसके साथ ही शिवसेना नेता अरविंद सावंत ने केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफे का ऐलान कर दिया है। उन्होंने कहा कि मैं अपने मंत्री पद से इस्तीफा दे रहा हूं। आपको बता दें कि सावंत मोदी कैबिनेट में भारी उद्योग एवं सार्वजनिक उद्यम मंत्री हैं।

सावंत ने मराठी में ट्वीट करते हुए लिखा, ‘लोकसभा चुनाव से पहले सरकार गठन को लेकर एक फॉर्मूला तय हुआ था। लेकिन अब इस फॉर्मूले को मना किया जा रहा है। भाजपा ने झूठ की जरिए महाराष्ट्र में काफी प्रगति की। शिवसेना हमेशा सच के साथ खड़ी होती है। इतने झूठे माहौल में दिल्ली सरकार में क्यों रहना? इसीलिए मैं केंद्रीय मंत्री के पद से इस्तीफा दे रहा हूं। मैं दिल्ली में आज सुबह 8.30 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करूंगा।’

वहीं ऐसी अटकलों ने जोर पकड़ना शुरू कर दिया है कि शिवसेना कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के साथ मिलकर राज्य में सरकार बना सकती है। इसी को लेकर आज कांग्रेस की बैठक होनी है। इससे पहले महाराष्ट्र में सरकार बनाने को लेकर जारी गतिरोध के बीच प्रदेश के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने विधानसभा चुनाव में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी शिवसेना को सरकार बनाने का रविवार रात को न्योता दिया। सरकार बनाने से भाजपा के इनकार करने के कुछ घंटे बाद राज्यपाल ने यह कदम उठाया।

​गौरतलब है कि महाराष्ट्र की 288 सदस्यीय विधानसभा में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी शिवसेना के पास 56 विधायक हैं जबकि सबसे बड़ी पार्टी भाजपा के पास 105 विधायक हैं।​